बोरियो प्रखंड पुस्तकालय का अपर समाहर्त्ता ने किया निरीक्षण, छात्रों से किया संवाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

बोरियो:- अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत ने गुरुवार को प्रखंड पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्रों से संवाद स्थापित कर उनके लक्ष्य, तैयारी एवं पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अपर समाहर्ता ने छात्रों को बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा दी और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ करने की सलाह दी। कहा कि छात्र अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझें और निष्ठापूर्वक उनका निर्वहन करें।
छात्रों ने अपने बीच जिले के वरीय पदाधिकारी को पाकर काफी उत्साहित और गौरवान्वित महसूस किया। अपर समाहर्ता ने पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न प्रतियोगी पुस्तकों, संदर्भ सामग्रियों और अध्ययन माहौल का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय बोरियो जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। यह ज्ञान, प्रेरणा और समता के विचारों को बढ़ावा देने वाला एक सशक्त मंच है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साव, प्रखंड प्रमुख शांति बास्की, पूर्व प्रमुख मंडल मरांडी, संतोष कुमार भगत सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें