संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट : गुरुवार को एकल अभियान के तहत साहिबगंज अंचल से पांच दिवसीय वार्षिक आचार्य अभ्यास वर्ग का शुभारंभ पंचकठिया संथाली पंचायत भवन में हुआ। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ पंचकठिया संथाली के मुखिया होपना टुडू, पंच समिति अध्यक्ष राजू साह व सलहय मुर्मू ने संयुक्त रूप से भारत माता एवं सरस्वती माता के तस्वीर की समक्ष दीप प्रज्वलित कर व मंत्रोच्चारण कर किया। मुखिया होपना टुडू ने आचार्यों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को सुसंस्कृत बनाने के लिए नशा मुक्त होना जरूरी है। एकल अभियान के प्रयास से ही यह कार्य संभव है। एकल के स्वरूप एवं परिचयात्मक विषय पर संभाग ग्राम विकास शिक्षा प्रशिक्षक उज्जवल वरण दे ने जानकारी दी। समिति अध्यक्ष राजू साह ने सभी आचार्यों को एकल विद्यालय के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि हमारा कार्य बच्चों के अंदर राष्ट्रभक्ति की भावना पैदा करना है। उन्होंने सभी आचार्यों को सबल, सक्षम व सशक्त होने की शुभकामनाएं भी दीं। मौके पर अंचल अभियान प्रमुख झंडू नाग, हराधन भंडारी, वीरू मंडल, करण किस्कु, सोनी देवी एवं प्रशिक्षु आचार्य-आचार्या मौजूद थे।