संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची: राजधानी रांची में रामनवमी का त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। इसी संधर्भ में, केंद्रीय युवा महावीर मंडल के अध्यक्ष नन्द किशोर सिंह चंदेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनका आभार प्रकट किया।
इस मुलाकात में नन्द किशोर सिंह चंदेल ने कहा कि झारखंड में रामनवमी का पावन पर्व एक शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया, जिसमें प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस पर्व की सतत मॉनिटरिंग की और सुनिश्चित किया कि राज्य इस पावन पर्व को सुंदरता से मनाए।
चंदेल ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय आरक्षी अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, एडीएम राजेश्वर नाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, सिटी एसपी राजकुमार मेहता और यातायात एसपी डॉ. कैलाश करमाली सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों का विशेष रूप से धन्यवाद दिया। उन्होंने महावीर मंडल के पदाधिकारियों, अखाड़ा धारी समुदाय और सभी संस्थाओं को भी इस सफल आयोजन में उनकी भूमिका के लिए सराहा।
इसके अलावा, चंदेल ने राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने रामनवमी के शुभ अवसर पर अल्बर्ट एक्का चौक पर जूडोको द्वारा बनाए जा रहे ओवरब्रिज के काम को रोकवा दिया था, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सुविधा हुई और झंडा तथा झांकियां आसानी से पार की जा सकीं।
इस दौरान मुख्य संयोजक उज्जवल सिन्हा, सोमवित माजी, मुख्य सलाहकार लखन कुमार, महासचिव अमन ठाकुर और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।