धनबाद: भारतीय रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आज डीडीयू (पंडित दीन दयाल उपाध्याय)-गया-धनबाद रेलखंड पर 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रेन का सफल स्पीड ट्रायल किया गया। इस ऐतिहासिक परीक्षण के दौरान पूर्व मध्य रेल (हाजीपुर जोन) के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, धनबाद रेल मंडल के डीआरएम कमल किशोर सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह ट्रायल मिशन रफ्तार के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य रेल यात्रा को तेज और सुरक्षित बनाना है। इस सफल परीक्षण से उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में इस रेलखंड पर सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा। रेलवे अधिकारियों ने इसे तकनीकी क्षमता और प्रगति का प्रतीक बताया।
इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने इस उपलब्धि को भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम करार दिया। ट्रायल के बाद अब इस रेलखंड पर नियमित रूप से हाई-स्पीड ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।