संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता।
बोरियो: बोरियो थाना क्षेत्र के मोतीपहाड़ी बयहार में हुई 28 वर्षीय महिला मायबीटी मुर्मू की नृशंस हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोडो उर्फ गुड़ो उर्फ जंजा सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है। अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी
किशोर तीर्की,पुलिस अधीक्षक कार्यालय, साहिबगंज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की जानकारी दी।
घटना का पूरा विवरण
दिनांक 28 मार्च 2025 को शाम के समय मायबीटी मुर्मू अपने घर से यह कहकर निकली कि वह सीएसपी सेंटर से पैसा निकालने जा रही है। रात तक घर न लौटने पर परिवार ने उसे फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
दिनांक 31 मार्च 2025 को सुबह ग्रामीणों ने मोतीपहाड़ी बयहार में एक महिला का क्षत-विक्षत शव देखा, जिसके पास कुत्ते मंडरा रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत बोरियो थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज वर्मा, एसआई रामधन उरांव, एएसआई प्रभा शंकर दुबे, एएसआई नीलम कुमारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। शव की पहचान मोतीपहाड़ी सोंगले टोला निवासी लड़गा मुर्मू की पुत्री मायबीटी मुर्मू के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
हत्या की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी
मृतिका की मां तालाबीटी मुर्मू ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी 28 मार्च को घर से निकली थी और तभी से लापता थी। पुलिस ने गहन जांच शुरू की और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर मोतीपहाड़ी मांझी टोला निवासी गोडो उर्फ गुड़ो उर्फ जंजा सोरेन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को मृतिका के घर से बरामद किया, जिससे इस घटना में उसकी संलिप्तता प्रमाणित हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और जब्त सामग्री
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोडो उर्फ गुड़ो उर्फ जंजा सोरेन (उम्र 30 वर्ष), पिता स्व. सिबल उर्फ जोलहा सोरेन, निवासी मोतीपहाड़ी मांझी टोला, थाना बोरियो, जिला साहेबगंज, वर्तमान पता मोर्चा नावाडीह, बड़ा बोआरिजोर, थाना बोआरीजोर, जिला गोड्डा के रूप में हुई।
पुलिस ने मृतिका का मोबाइल और आरोपी का मोबाइल जब्त किया है, जो इस हत्याकांड के महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जा रहे हैं।
छापेमारी दल
- पंकज वर्मा, थाना प्रभारी, बोरियो थाना।
- जियालाल किस्कू, पु.अ.नि.
- प्रभाशंकर दुबे, स.अ.नि.
- धर्मेंद्र मड़ेया, हवलदार।
- चंद्र प्रकाश दुबे, आरक्षक।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश है, और ग्रामीणों ने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
इस निर्मम हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी घटना की तह तक पहुंचा जाएगा।