बेड़ो: झारखंड के बेड़ो थाना क्षेत्र के तुको-खूंटी टोली मोड़ के पास शुक्रवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय छात्रा सुचिता उरांव की मौत हो गई। वह खूंटी टोली निवासी मनोहर उरांव की बेटी थी। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब सुचिता रोजाना की तरह पैदल कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान लोहरदगा की ओर से आ रही तेज रफ्तार मारुति ओमनी वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन बच्ची को करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से बच्ची को बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कफील अहमद, एएसआई अक्षय कुमार सिंह और आशीष कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, सुचिता उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खूंटी टोली में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। वह पढ़ाई में काफी होनहार थी और जवाहर नवोदय विद्यालय में नामांकन के लिए तैयारी कर रही थी। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।
बच्ची की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है। वहीं, घटना के बाद तुको और खूंटी टोली के ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और मोड़ के पास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस दिशा में तत्काल जरूरी कदम उठाने की अपील की है।









