छह माह की गर्भवती पत्नी की हत्या के मामले में पति को उम्रकैद, हथौड़े से सिर पर किया था जानलेवा वार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में छह माह की गर्भवती पत्नी की हत्या के मामले में अदालत ने दोषी पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाशंकर सिंह की अदालत ने मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद आरोपी राजेश कुमार (36) को हत्या का दोषी करार दिया। दोषी ने लोहे के हथौड़े से अपनी पत्नी के सिर पर वार किया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

अदालत ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास के साथ पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया है। जुर्माना नहीं भरने पर छह माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। वहीं, धारा 201 के तहत दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसे नहीं भरने पर तीन माह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। अदालत ने स्पष्ट किया है कि दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

नौकरी छूटने के बाद आर्थिक तंगी से बढ़ने लगा था विवाद

मामले के अनुसार, बिहार के गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र निवासी कुंती देवी की बेटी प्रियंका कुमारी की शादी वर्ष 2011 में नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के पिरौटा गांव निवासी राजेश कुमार के साथ हुई थी।

शादी के बाद दोनों रोजगार की तलाश में झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर पहुंचे और बंतानगर में किराये के मकान में रहने लगे। घटना से करीब दो महीने पहले राजेश की नौकरी छूट गई थी। इसके बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजरने लगा। घर के खर्च और खाने-पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था।

विवाद के दौरान हथौड़े से पत्नी के सिर पर किया वार

घटना 28 जनवरी 2024 की है। उस दिन भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर राजेश ने कथित तौर पर लोहे के हथौड़े से प्रियंका के सिर पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय प्रियंका छह माह की गर्भवती थी।

सास की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

घटना के अगले दिन 29 जनवरी 2024 को मृतका की मां कुंती देवी ने आरआईटी थाना पहुंचकर अपने दामाद राजेश कुमार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच की और आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया।

अदालत में पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर राजेश कुमार को दोषी पाया गया। इसके बाद न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस फैसले के साथ ही करीब दो साल पुराने इस हत्या के मामले में न्यायिक प्रक्रिया का अहम पड़ाव पूरा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें