पार्टी के निर्देशों की अवहेलना पर JMM की चार जिला समितियों को कारण बताओ नोटिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की केंद्रीय समिति ने पार्टी के निर्देशों का समय पर पालन नहीं करने पर चार सांगठनिक जिला समितियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें कोडरमा, लोहरदगा, साहेबगंज और चतरा जिला समितियां शामिल हैं। केंद्रीय समिति ने सभी संबंधित समितियों को सात दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने का निर्देश दिया है।

JMM केंद्रीय समिति के महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से जारी नोटिस में निर्धारित समय सीमा के भीतर नई समितियों के गठन के लिए नामों की अनुशंसा नहीं भेजने पर नाराजगी जताई गई है। इसे पार्टी के निर्देशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है। साथ ही, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

समय सीमा बीतने के बाद भी नहीं भेजी गई अनुशंसित सूची

जारी पत्र के अनुसार, कोडरमा और लोहरदगा जिला समितियों को स्थानीय समितियों को भंग कर 10 दिनों के भीतर जिला समिति की बैठक बुलाने तथा नई कमेटियों के गठन के लिए अनुशंसित नामों की सूची केंद्रीय कार्यालय भेजने का निर्देश दिया गया था।

कोडरमा जिला समिति को 13 अक्टूबर को झुमरी तिलैया नगर समिति भंग कर नई समिति के गठन के लिए नामों की सूची भेजने को कहा गया था। इसके लिए 23 अक्टूबर तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी। वहीं, लोहरदगा जिला समिति को 22 अक्टूबर तक अनुशंसित नाम भेजने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद दोनों समितियों की ओर से निर्धारित समय में सूची नहीं भेजी गई।

साहेबगंज और चतरा समितियों को भी मिला था निर्देश

इसी तरह साहेबगंज जिला समिति को 16 अक्टूबर तक बरहरवा नगर समिति और तालझारी प्रखंड समिति को भंग कर नई कमेटियों के गठन के लिए नामों की अनुशंसा भेजनी थी।

वहीं, चतरा जिला समिति को भी 17 अक्टूबर तक इसी प्रक्रिया को पूरा करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद चारों जिला समितियों ने केंद्रीय समिति के निर्देशों का अनुपालन नहीं किया।

अब केंद्रीय समिति ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिला समितियों से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की अवहेलना को लेकर आगे संगठनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें