गढ़वा DC पर फेसबुक में भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में दो लोगों पर FIR, शौचालय जियोटैग के नाम पर वसूली का भी मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा को लेकर फेसबुक पर कथित भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने और शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर विशुनपुरा और मझिआंव थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत कार्रवाई की गई है।

फेसबुक पर DC को लेकर वायरल हुई थी पोस्ट

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को फेसबुक पर ‘गढ़वा DC शौचालय में पैसा लेता है’ शीर्षक से एक पोस्ट प्रसारित की गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने इसकी जांच के लिए कार्यपालक अभियंता-सह-सदस्य सचिव, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, गढ़वा से रिपोर्ट मांगी।

कार्यपालक अभियंता ने उपायुक्त को बताया कि विभाग के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर कोई भी संविदा या आउटसोर्स कर्मी कार्यरत नहीं है। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कथित भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने और शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही के आरोपों की जांच एवं प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।

विशुनपुरा और मझिआंव थाना में दर्ज हुई FIR

जिला प्रशासन के निर्देश पर दो अलग-अलग थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें विशुनपुरा प्रखंड के जतपुरा गांव, पंचायत सरांग निवासी पंकज कुमार यादव के खिलाफ 19 नवंबर को विशुनपुरा थाना में मामला दर्ज किया गया।

वहीं, मझिआंव प्रखंड के करमडीह गांव निवासी अविनेश कुमार के खिलाफ 20 नवंबर को मझिआंव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उन पर शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही करने का आरोप है।

दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी नहीं फैलाने की अपील

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक और निराधार सूचना प्रसारित करने से बचें। किसी भी खबर या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गलत सूचना फैलाने और सरकारी योजनाओं के नाम पर अवैध वसूली जैसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें