संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची। झारखंड पुलिस महकमे के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राज्य पुलिस सेवा के पांच वरिष्ठ डीएसपी अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रोन्नति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की चयन समिति की बैठक में पांच अधिकारियों के प्रमोशन पर सहमति बनी है। हालांकि, प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
12 अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे गए थे
जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार ने राज्य पुलिस सेवा के 12 वरिष्ठ डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नाम आईपीएस में प्रोन्नति के लिए यूपीएससी को भेजे थे। इनमें शिवेंद्र, राधा प्रेम किशोर, मुकेश कुमार महतो, निशा मुर्मू, सुरजीत कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी, राहुल देव बड़ाईक, खीस्टोफर केरकेट्टा, प्रभात रंजन बरवार, अनूप कुमार बड़ाईक, समीर कुमार तिर्की और हीरालाल रवि शामिल हैं।
13 नवंबर को नई दिल्ली में हुई चयन समिति की बैठक
नई दिल्ली स्थित यूपीएससी कार्यालय में 13 नवंबर को प्रोन्नति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) भी दिल्ली पहुंचे थे।
बैठक के दौरान चयन समिति ने सभी 12 अधिकारियों की पिछले 10 वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) और अन्य संबंधित दस्तावेजों की समीक्षा की। इसके बाद पांच अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग में प्रोन्नति के योग्य पाया गया और उनके प्रमोशन पर सहमति बनी।
प्रमोशन के बाद झारखंड में होंगे 150 IPS अधिकारी
आंकड़ों के अनुसार, झारखंड कैडर में फिलहाल कुल 145 आईपीएस अधिकारी हैं। इनमें 42 अधिकारी राज्य पुलिस सेवा से प्रोन्नति पाकर आईपीएस संवर्ग में शामिल हुए हैं। पांच नए अधिकारियों के शामिल होने के बाद राज्य में आईपीएस अधिकारियों की कुल संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी।
झारखंड में आईपीएस अधिकारियों के कुल 158 पद स्वीकृत हैं। ऐसे में पांच अधिकारियों की प्रोन्नति के बाद भी आठ पद रिक्त रहेंगे। हालांकि, आने वाले समय में कुछ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति के कारण रिक्त पदों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
आधिकारिक सूची जारी होने का इंतजार
यूपीएससी की चयन समिति की बैठक में पांच अधिकारियों के प्रमोशन पर सहमति बनने के बाद अब आधिकारिक प्रक्रिया और सूची जारी होने का इंतजार है। नामों की औपचारिक घोषणा और आवश्यक अधिसूचना जारी होने के बाद ही पांचों अधिकारियों की प्रोन्नति की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।









