आदिवासियों को वनवासी कहने वाली भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया : फागू बेसरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

झारखंड स्थापना दिवस पर आदिवासी महोत्सव में केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर बरसे झामुमो महासचिव, कहा- जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों का अधिकार छीनने की हो रही कोशिश

झारखंड: झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित आदिवासी महोत्सव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव फागू बेसरा ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आदिवासियों को वनवासी कहकर संबोधित करना उनके अस्तित्व और पहचान का अपमान है। भाजपा का असली चेहरा उस दिन सामने आ गया था, जब मध्य प्रदेश में पार्टी के एक विधायक ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज के व्यक्ति को खुलेआम वनवासी कहा था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदिवासी समाज इस तरह के अपमान को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

फागू बेसरा ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर झारखंडवासियों को अलग राज्य के रूप में राजनीतिक पहचान और अधिकार मिला। झारखंड राज्य का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासियों के अधिकार, विकास और सांस्कृतिक पहचान की लड़ाई के उद्देश्य से हुआ था। लेकिन राज्य गठन के 26 वर्ष बाद आज यह समीक्षा करना जरूरी है कि झारखंड अपने मूल उद्देश्यों को हासिल करने में कितना सफल हुआ है।

आदिवासियों के अस्तित्व और अधिकारों पर उठाए सवाल

फागू बेसरा ने कहा कि झारखंड में आज भी आदिवासियों के अस्तित्व और अधिकारों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों की लड़ाई जारी है। खनिज संपदाओं के दोहन के कारण आदिवासी समुदाय को विस्थापन का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों के प्रमुख धार्मिक स्थल मरांग बुरु पारसनाथ पहाड़ के साथ भी अन्याय किया जा रहा है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता देकर आदिवासी समाज के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के नाम पर आदिवासियों की पहचान को ही अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है। आदिवासी समाज की अपनी अलग संस्कृति, परंपरा, भाषा और पहचान है, जिसे किसी दूसरे नाम से परिभाषित नहीं किया जा सकता।

हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बनेगा आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड

झामुमो महासचिव ने कहा कि जिस तरह दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ, उसी तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आंदोलनकारियों के सपनों का झारखंड बनाया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर खनिज संशोधन विधेयक के माध्यम से झारखंड के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया। साथ ही वनाधिकार अधिनियम में ग्रामसभा की भूमिका कमजोर किए जाने पर भी चिंता जताई।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

आदिवासी महोत्सव में मंत्री दीपक बिरुआ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं विधायक मंगल कालिंदी, समीर मोहंती और सोमेशचंद्र सोरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमुनी देवी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज की पहचान, अधिकारों और झारखंड आंदोलन के मूल उद्देश्यों को लेकर चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें