संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पाकुड़। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोप लगने के बाद झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस मामले में विधायक की गिरफ्तारी की मांग कर रही है, वहीं झारखंड के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सामने आने से पहले किसी को भी अंतिम टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
आरोप सिद्ध होने से पहले टिप्पणी करना उचित नहीं : आलमगीर आलम
मीडिया से बातचीत के दौरान आलमगीर आलम ने कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप लगते रहते हैं, लेकिन किसी भी मामले में जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह विधायक भूषण बाड़ा को व्यक्तिगत रूप से अच्छी तरह जानते हैं। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो तथ्य सामने आएं, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।
भाजपा पर लगाया राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप
भाजपा के आक्रामक रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए आलमगीर आलम ने कहा कि विपक्ष के पास राज्य में कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए वह इस तरह के मामलों को राजनीतिक रूप देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी का नाम सामने आते ही उसे राजनीतिक रूप से उछालना उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा को पहले अपने पक्ष से जुड़े मामलों पर भी समान दृष्टिकोण अपनाने की नसीहत दी।
क्या है विधायक भूषण बाड़ा से जुड़ा पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है कि उसे पढ़ाई कराने का झांसा देकर रांची लाया गया था और विधायक के सरकारी आवास पर घरेलू काम में लगाया गया। किशोरी ने आरोप लगाया है कि पांच अगस्त को विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों की सत्यता जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








