हजारीबाग में लेवी वसूली की तैयारी में जुटे राहुल दुबे गैंग के दो सदस्य का हाफ एनकाउंटर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क


हज़ारीबाग़ जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग के दो कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी खनन क्षेत्र में लेवी वसूली की योजना से पहुंचे थे। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई 
बता दें कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुकरु गांव के आसपास कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर केरेडारी थाना और पगार ओपी की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी जबकि दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। 

घायल आरोपी को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि भागने के दौरान आरोपियों ने हथियार फेंककर बचने की कोशिश की लेकिन उसे भी बरामद कर लिया गया।

एसपी ने क्या-क्या बताया 
घटना की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में लेवी वसूली के उद्देश्य से अपराधियों की मौजूदगी की बात सामने आई है। मामले में गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस का मानना है कि हाल के दिनों में खनन क्षेत्रों में सक्रिय लेवी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट होने की उम्मीद है।

और पढ़ें