संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रामगढ़: झारखंड की अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है। इसी सिलसिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम रामगढ़ पहुंची और जिला कल्याण विभाग के कार्यालय में जांच-पड़ताल की।
ACB की टीम ने छात्रवृत्ति योजना से जुड़े रिकॉर्ड और विभिन्न दस्तावेजों को खंगाला। जांच के दौरान टीम द्वारा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले जाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
मामले को लेकर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक आरिफ एकराम ने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है। सभी तथ्यों और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रवृत्ति योजना के संचालन में किसी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी हुई है या नहीं। फिलहाल ACB की जांच जारी है और अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।









