बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, स्पेशल ट्रेन से 78 बोतल विदेशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें




उधना स्पेशल फेयर एक्सप्रेस में संयुक्त जांच अभियान के दौरान 23,720 रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद, उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला

बरहरवा/साहिबगंज । बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रविवार को आरपीएफ और सीपीडीएस (मालदा) की संयुक्त टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर उधना स्पेशल फेयर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 09034 अप) से 78 बोतल विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सौंप दिया गया। बरहरवा आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के पर्यवेक्षण में विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में सीपीडीएस मालदा के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान, हेड कांस्टेबल मो. शमीम खान, कांस्टेबल कनैया कुमार, कांस्टेबल राजा यादव तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा एवं हेड कांस्टेबल डी.के. मंडल शामिल थे।

जांच के दौरान सुबह करीब 10:40 बजे ट्रेन के बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंचने के बाद कोच संख्या एस-10 की तलाशी ली गई। सीट संख्या-11 के नीचे एक हरे रंग का ट्रॉली बैग और एक काले रंग का बैकपैक संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर दोनों बैगों से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में सीट संख्या-11 पर यात्रा कर रहे युवक ने अपना नाम प्रेमसागर कुमार (19 वर्ष), पिता जब्बार पासवान, निवासी टोपखाना बाजार, कटघर, थाना-कोतवाली, जिला मुंगेर (बिहार) बताया। युवक विदेशी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस, परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मालदा रेलवे स्टेशन से शराब लेकर सवार हुआ था और जमालपुर पहुंचाकर मुंगेर क्षेत्र में अवैध रूप से बेचने की योजना थी।

बरामद शराब में ICONiQ White Whisky की 30 बोतल, Royal Stag Whisky की 24 बोतल, Mountain Oak Whisky की 20 बोतल तथा Blenders Pride Whisky की 4 बोतल शामिल हैं। कुल 78 बोतलों की अनुमानित कीमत 23,720 रुपये आंकी गई है।

आरपीएफ ने दोनों बैगों सहित शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी एवं जब्त शराब को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया तथा आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सूचित कर मामला सौंप दिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें