खूंटी में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, 3 सगे भाइयों को गंभीर चोटें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

खूंटी: शहर से सटे बेलाहाथी गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में एक पक्ष के तीन सगे भाई बलिंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और श्याम सिंह घायल हो गए। तीनों के माथे पर चोटें आई हैं। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी में भर्ती कराया।

विवादित जमीन पर जेसीबी चलाने का आरोप

घायल भाइयों का आरोप है कि बेलाहाथी के परसा टांड़ स्थित विवादित जमीन पर शुक्रवार दोपहर लापुंग निवासी उमाशंकर साहू करीब 40-50 लोगों के साथ पहुंचे थे। उनके पास जमीन से संबंधित दस्तावेज थे और जेसीबी से जमीन पर काम कराया जा रहा था।

घायल भाइयों के अनुसार, जमीन से जुड़ा मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसी वजह से उन्होंने जेसीबी से काम कराने का विरोध किया।

विरोध करने पर मारपीट का आरोप

घायलों ने आरोप लगाया कि जेसीबी का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान बंदूक के बट से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में तीनों भाइयों के माथे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वहीं, उमाशंकर साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उन्होंने ढाई एकड़ जमीन खरीदी है और उसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है। वह मजदूरों के साथ जमीन की साफ-सफाई कराने पहुंचे थे। इसी दौरान बेलाहाथी निवासी तीनों भाइयों समेत चार-पांच लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उमाशंकर ने भी मारपीट में घायल होने की बात कही है।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराया केस

घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों के साथ-साथ जमीन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट की घटना और जमीन विवाद से जुड़े पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: #Khunti #JharkhandNews #LandDispute #CrimeNews #KhuntiNews #Belahathi #JharkhandPolice #SanthalHulExpress

Leave a Comment

और पढ़ें