रांची के सेक्टर-3 मार्केट में चार दुकानों के ताले टूटे, चोरी की वारदात से दुकानदारों में नाराजगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-3 मार्केट में चोरों ने एक साथ चार दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। दुकानों के ताले टूटे देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।

दुकानदारों ने तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी दुकानों का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और चोरों का सुराग लगाने के लिए मार्केट व आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

लगातार चोरी से दुकानदारों में डर और नाराजगी

स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, सेक्टर-3 मार्केट में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी चोरों ने इसी इलाके में एक साथ कई दुकानों को निशाना बनाया था।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में डर के साथ नाराजगी भी बढ़ रही है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से धुर्वा क्षेत्र, खासकर सेक्टर-3 मार्केट में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

दुकानदारों का कहना है कि रात के समय नियमित पुलिस निगरानी बढ़ने से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Comment

और पढ़ें