बरहरवा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और केंद्रीय खुफिया ब्यूरो (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने 26 अगस्त को ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर की गई कार्रवाई में कुल 230 कैन हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, सीआईबी मालदा के उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल नुपुर बरन मिड्या तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान और ड्यूटी प्लेटफॉर्म स्टाफ हेड कांस्टेबल पिनाकी सरकार की संयुक्त टीम ट्रेन संख्या 13415 की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के द्वितीय अंतिम सामान्य श्रेणी कोच संख्या ईआर-132454 के वेस्टिब्यूल में छह प्लास्टिक बोरे और दो कार्टून संदिग्ध अवस्था में मिले।
जांच के दौरान छहों बोरों में केले भरे मिले, जबकि दो कार्टूनों पर “कश्मीर एप्पल” अंकित था। तलाशी लेने पर केले के बीच और कार्टूनों से हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर के कुल 230 कैन बरामद हुए। प्रत्येक कैन 500 मिलीलीटर का था।
आरपीएफ टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से बरामद सामान के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने बोरे और कार्टून पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बरामद शराब को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के पोस्ट कमांडर की सहायता से बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर उतारकर लावारिस के रूप में जब्त कर लिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 1,15,000 मिलीलीटर यानी 115 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 25,300 रुपये बताई गई है। बरामदगी की सूचना आगे की कार्रवाई के लिए साहिबगंज उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर को दे दी गई है। मामले में शराब को ट्रेन के माध्यम से ले जाने की कोशिश और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।









