चांदपुर मौजा पहुंचे भाजपा नेता बद्री प्रसाद भगत, रैयतों की सुनीं समस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें




निजी जमीन पर सड़क निर्माण का मामला, अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का दिलाया भरोसा

मेहरमा। मेहरमा प्रखंड की मालप्रतापपुर पंचायत अंतर्गत चांदपुर मौजा में निजी जमीन पर कथित रूप से बिना पूर्व सूचना सड़क निर्माण कराए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को महागामा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता बद्री प्रसाद भगत प्रभावित रैयतों से मिलने चांदपुर पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।

रैयतों ने भाजपा नेता को बताया कि उनकी निजी जमीन पर बिना पूर्व सूचना, सहमति और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी किए सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जिससे वे स्वयं को प्रभावित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मामले में प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की।

रैयतों की बातें सुनने के बाद बद्री प्रसाद भगत ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की निजी जमीन पर नियमानुसार प्रक्रिया अपनाए बिना निर्माण कार्य कराया जाना उचित नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी तथा निष्पक्ष जांच और समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस मामले को लेकर प्रभावित रैयतों ने मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री सचिवालय, राजभवन, संथाल परगना आयुक्त, सांसद, उपायुक्त तथा महागामा अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन भेजकर जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है।

रैयतों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी जमीन से जुड़े अधिकार सुरक्षित रह सकें।

Leave a Comment

और पढ़ें