राहुल बच्चा हत्याकांड का मुख्य आरोपी शब्बे हॉफ एनकाउंटर में घायल, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस ने पैर में मारी दो गोलियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जमशेदपुर: जमशेदपुर के चर्चित राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शब्बे को हॉफ एनकाउंटर में घायल कर दिया। हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर कथित फायरिंग के प्रयास के बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने आरोपी के पैर में दो गोलियां मारीं। घायल शब्बे को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, राहुल बच्चा की हत्या के बाद शब्बे ने अपने कुछ साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया था। गुरुवार तड़के पुलिस उसे मानगो स्थित स्मृति पार्क लेकर गई थी, जहां उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाने थे।

बताया गया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो पिस्तौल बरामद कीं। इसी दौरान शब्बे ने कथित तौर पर एक पिस्तौल उठाकर पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए उसके पैर में दो गोलियां मार दीं। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और पुलिस ने मौके से दोनों हथियार जब्त कर लिए।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी। उन्होंने कहा कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मानगो थाना के सब-इंस्पेक्टर संजय ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई।

गौरतलब है कि बुधवार शाम मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला स्थित मजार के पास राहुल बच्चा की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। आरोप है कि शब्बे और उसके साथियों ने पहले राहुल पर पत्थर और चापड़ से हमला किया, इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, राहुल और शब्बे दोनों एक ही युवती से प्रेम करते थे, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हत्या के बाद मृतक के परिजनों ने टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में जमकर हंगामा किया था। इस दौरान राहुल को देखने पहुंची युवती को भी परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें