संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
पाकुड़: पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनपुर और रामपुर गांव में कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए रातों-रात अस्थायी पुलिस कैंप भी स्थापित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक युवक पर दूसरे समुदाय की एक नवविवाहिता महिला के साथ छेड़छाड़ और आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। घटना के बाद महिला के परिजनों और आरोपी युवक के परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंची। गांव में दो पुलिस वाहनों के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गई तथा संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस कैंप स्थापित कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों से अलग-अलग और संयुक्त रूप से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। लंबे समय तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने पर सहमति जताई। प्रशासन ने ग्रामीणों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
फिलहाल दोनों गांवों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की मौजूदगी से ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बनी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी।




