संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
ढाका। बांग्लादेश में इन दिनों सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने दुर्लभ अल्बिनो भैंसे की अब कुर्बानी नहीं होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जैसी हेयरस्टाइल के कारण “डोनाल्ड ट्रंप भैंसा” के नाम से प्रसिद्ध इस अनोखे भैंसे को सरकार के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने अपने संरक्षण में ले लिया है। अब इसे ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में रखा जाएगा।
जानकारी के अनुसार करीब 700 किलोग्राम वजनी यह दुर्लभ अल्बिनो भैंसा बकरीद के मौके पर कुर्बानी के लिए तैयार किया गया था। लेकिन इंटरनेट मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच इसे लेकर भारी उत्सुकता और दीवानगी देखने को मिली। इसके सिर पर मौजूद सुनहरे बाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चर्चित हेयरस्टाइल से मिलते-जुलते बताए जा रहे हैं, जिसके कारण यह अचानक चर्चा में आ गया।
किरानीगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी रुहुल कुद्दूस ने बताया कि सरकारी निर्देश मिलने के बाद पुलिस ने भैंसे को आधिकारिक संरक्षण में लिया। पशुपालन विभाग के विशेषज्ञों का मानना है कि यह भैंसा अभी काफी युवा है और इसे कई वर्षों तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
भैंसे के मालिक मनीरुज जमान ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार दोपहर पुलिस उनके घर पहुंची और सरकार के निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वे किसी भी प्रकार का विवाद या टकराव नहीं चाहते थे, इसलिए भैंसे को स्वेच्छा से पुलिस को सौंप दिया गया। जमान के अनुसार अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सरकार इसके बदले मुआवजा या दूसरा मवेशी उपलब्ध कराएगी।
राष्ट्रीय चिड़ियाघर के क्यूरेटर अतीकुर रहमान ने बताया कि भैंसे की विशेष देखभाल की जाएगी। इसके लिए अलग शेड, भोजन व्यवस्था और देखरेख करने वाले कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि यह दुर्लभ प्रजाति का पशु लोगों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है और इसके संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर इस भैंसे को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे वन्य और दुर्लभ पशुओं के संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया है।





