परसा में सरकारी सोलर सिंचाई योजना की दो मोटर चोरी, जांच में जुटी पुलिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोड्डा जिला के बलबड्डा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब चोरों के निशाने पर सरकारी एवं सामुदायिक योजनाएं भी आ गई हैं। ताजा मामला परसा गांव का है, जहां किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए लगाए गए सोलर सिंचाई योजना के दो मोटर बुधवार की रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश एवं चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट अवसंरचना, सामुदायिक सशक्तिकरण एवं मार्गदर्शन योजना के तहत परसा गांव में लगभग 70 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई के उद्देश्य से सोलर सिस्टम एवं मोटर लगाए गए थे। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्घाटन गत 09 मई को ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह द्वारा किया गया था। योजना शुरू होने के बाद किसानों में काफी उत्साह था और उन्हें बेहतर सिंचाई सुविधा मिलने से खेती में लाभ की उम्मीद जगी थी।

बताया जाता है कि बुधवार देर रात अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और योजना स्थल से दोनों मोटर चोरी कर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो मोटर गायब देख हड़कंप मच गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की चोरी से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। साथ ही क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का माहौल भी बन गया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी गए मोटरों की बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं, इस मामले को लेकर बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी तथा चोरी की घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

और पढ़ें