बिहार में शराब तस्करी में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, लग्जरी कार से बरामद हुई 300 लीटर शराब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोपालगंज: बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच गोपालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 300 लीटर से अधिक शराब बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार पुलिसकर्मियों में राहुल कुमार शामिल है, जो पुलिस अधीक्षक के टेक्निकल सेल में तैनात बताया जा रहा है। वहीं दूसरा आरोपी अमित कुमार है, जो जदयू विधायक मंजीत सिंह का बॉडीगार्ड बताया गया है।

पुलिस ने दोनों को एक लग्जरी कार से शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि गोपालगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान शराब मिलने पर दोनों पुलिसकर्मियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों पर है, उन्हीं के इस मामले में पकड़े जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों की जांच में जुट गई है।

और पढ़ें