साहिबगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



साहिबगंज। गुरुवार को साहिबगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे के बाद यह मामला सामने आया, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था तत्काल सख्त कर दी गई।



धमकी की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में मौजूद सभी न्यायिक पदाधिकारी एवं अधिवक्ता एहतियातन कोर्ट भवन से बाहर निकल आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह स्वयं न्यायालय परिसर पहुंचे और कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार उपाध्याय से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी न्यायिक पदाधिकारियों को तत्काल भवन से बाहर रहने का निर्देश दिया गया।

इसके उपरांत पुलिस द्वारा न्यायालय परिसर की सघन जांच-पड़ताल प्रारंभ कर दी गई। पुलिस उपाधीक्षक विजय कुशवाहा समेत जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। धमकी किस माध्यम से दी गई तथा इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें