संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कम दृश्यता के चलते एक्सप्रेस-वे पर चल रही 7 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं, जिसके बाद कई वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग की चपेट में आने से कई लोग जिंदा जल गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में चल रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। टक्कर के तुरंत बाद कुछ बसों में आग भड़क उठी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग आग में फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
प्रशासन के मुताबिक, हादसे में अब तक 4 लोगों के जिंदा जलने की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 150 से अधिक घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस सेवाएं मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, राहत एवं बचाव कार्य के लिए कई टीमें लगाई गईं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण घना कोहरा और तेज रफ्तार को माना जा रहा है। इस दुर्घटना के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
यह हादसा एक बार फिर कोहरे के मौसम में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की जरूरत को रेखांकित करता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कम दृश्यता की स्थिति में गति सीमित रखें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।








