दिल्ली के दो स्कूलों और दो कोर्ट को मिली बम धमकी की सूचना निकली अफ़वाह, जांच के बाद नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब CRPF के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। इसके बाद साकेत और पटियाला हाउस कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई। लगातार मिल रही धमकियों से सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और स्कूलों व अदालत परिसरों में जांच शुरू कर दी।

ईमेल प्राप्त होते ही अग्निशमन दल, बम निरोधक दस्ते और स्थानीय पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियातन स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अभिभावकों को सूचित किया गया। कोर्ट परिसरों में भी जांच अभियान चलाया गया।

कई घंटों की व्यापक तलाशी के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि धमकी पूरी तरह झूठी थी और किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच एजेंसियों के अनुसार धमकी सुबह करीब 9 बजे ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी।

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि ईमेल की उत्पत्ति व वास्तविक प्रेषक का पता लगाने के लिए साइबर सेल जांच में जुट गई है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि धमकी में आतंकी संगठन का नाम इस्तेमाल किया गया, जिससे मामला संवेदनशील हो गया था।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है। हालांकि एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी एंगल से जांच जारी रखे हुए हैं।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें