संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची। राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक नशे में धुत कार चालक ने सड़क पर कहर बरपा दिया। तेज रफ्तार से चल रही कार ने सड़क किनारे मौजूद कई लोगों को कुचल दिया, जिसमें लगभग छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आरोपी कार चालक वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी और कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर तत्काल हिरासत में ले लिया। कार को जब्त कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक-एक तथ्य की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।








