झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: कामकाजी महिलाओं के लिए पांच जिलों में बनेगा 500 बेड का ‘वर्किंग वुमन हॉस्टल’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची। झारखंड की कामकाजी महिलाओं के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की है। सरकार जल्द ही पाँच जिलों—रांची, गिरिडीह, हजारीबाग, जमशेदपुर और बोकारो—में 500-500 बेड वाले आधुनिक ‘वर्किंग वुमन हॉस्टल’ स्थापित करने जा रही है। पहले चरण में इन पाँच जिलों में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि शहरों में कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित व किफायती आवास उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। नए हॉस्टल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इसमें 24×7 CCTV निगरानी, सुरक्षा गार्ड, निर्बाध बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही वॉशिंग एरिया और साझा किचन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

हॉस्टल में सिंगल और शेयरिंग दोनों तरह के कमरे होंगे, जिनका किराया रियायती दरों पर तय किया जाएगा। अन्य सेवा शुल्क भी कम दरों पर ही लागू होंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर व मध्यम वर्ग की महिलाओं को राहत मिल सके।

अधिकारियों के अनुसार, बढ़ते शहरीकरण और रोजगार के अवसरों के कारण बड़ी संख्या में महिलाएँ शिक्षा, नौकरी और प्रशिक्षण के लिए शहरों की ओर आ रही हैं। सुरक्षित और सुलभ आवास की कमी लंबे समय से बड़ी समस्या बनी हुई थी, जिसे दूर करने के लिए यह पहल की गई है।

राज्य सरकार का मानना है कि ये हॉस्टल न केवल महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करेंगे, बल्कि उनके कार्यस्थलों तक सहज आवागमन और गरिमामय जीवन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें