पलामू। पलामू जिले के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर प्रवेश लेने का मामला सामने आया है। सामान्य वर्ग के दो छात्र-छात्राओं ने ओबीसी श्रेणी का फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर एडमिशन लेने का प्रयास किया।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, दोनों छात्रों के जाति प्रमाण पत्रों की ऑनलाइन जांच करने पर वे अमान्य पाए गए। जब उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया तो वे कॉलेज से फरार हो गए।
इस साल प्रवेश प्रक्रिया के दौरान राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में कुल 10 छात्रों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए हैं। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पी. एन. महतो ने बताया कि सभी छात्रों के प्रमाण पत्रों की जांच के लिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को पत्र भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम कार्रवाई की जाएगी।








