वर्ल्ड कप बाउलिंग में झारखंड के दिनेश ने रचा इतिहास, जीता रजत पदक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

पहले भारतीय और झारखंड के पहले खिलाड़ी बने जिन्होंने वर्ल्ड कप बाउलिंग में पदक जीता


रांची / कुआलालंपुर

मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित वर्ल्ड कप बाउलिंग चैम्पियनशिप में झारखंड के दिनेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया है। वे वर्ल्ड कप बाउलिंग में पदक जीतने वाले पहले भारतीय और पहले झारखंडी खिलाड़ी बन गए हैं।


दिनेश कुमार ने सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान मलेशिया को रोमांचक संघर्ष में 5-5 और 7-6 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, फाइनल में उन्हें इंग्लैंड के खिलाड़ी से 1-7 और 2-7 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल रहा।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ, भारत ने ओवरऑल रैंकिंग में पांचवां स्थान प्राप्त किया। भारत की महिला बाउलिंग खिलाड़ी रूपा रानी तिर्की ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला सिंगल वर्ग में छठा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में मलेशिया, भारत, ऑस्ट्रेलिया, हांगकांग-चीन, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, वेल्स, कनाडा, संयुक्त राज्य अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों की टीमें शामिल हुईं। दिनेश कुमार और रूपा रानी तिर्की की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आर.के. आनंद, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर, और टीम के पूर्व प्रशिक्षक डॉ. मधुकांत पाठक ने उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा दिनेश कुमार ने झारखंड और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। यह उपलब्धि राज्य के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

दिनेश की इस सफलता के साथ झारखंड का खेल इतिहास एक नया अध्याय लिख गया है — जहां परिश्रम, अनुशासन और जुनून ने एक बार फिर साबित किया कि झारखंड की प्रतिभा अब विश्व मंच पर अपनी पहचान बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें