रांची, 27 अक्टूबर। हीरो हॉकी इंडिया लीग के नए सीज़न 2025-26 ने आज यहाँ अपना रोडमैप सामने रख दिया है। रांची स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में पुरुष और महिला लीग के शेड्यूल का ऐलान किया गया और साथ ही रांची रॉयल्स टीम के नए लोगो का अनावरण भी किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री श्री सुदीव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने बताया कि पुरुष लीग के मैच तीन शहरों – चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर – में आयोजित किए जाएँगे, जबकि महिला लीग का पूरा टूर्नामेंट रांची में ही खेला जाएगा। पुरुष लीग का उद्घाटन 3 जनवरी 2026 को चेन्नई में होगा, जहाँ मेज़बान तमिलनाडु ड्रैगन्स का सामना हैदराबाद तूफान्स से होगा। वहीं महिला हीरो एचआईएल की शुरुआत 28 दिसंबर 2025 को रांची में होगी, जहाँ रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। कार्यक्रम में रांची रॉयल्स टीम के मालिक श्री अलविश एम.ए. ने नए लोगो को लॉन्च करते हुए बताया कि यह लोगो झारखंड की समृद्ध हॉकी परंपरा और युवा ऊर्जा का प्रतीक है। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी सितारों में मनदीप सिंह, आशिष तानी पुर्ति, संगीता कुमारी, दीपिका सोरेंग, निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंग डुंग ने भी शिरकत की। हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने कहा, “हीरो हॉकी इंडिया लीग अब हॉकी का त्यौहार बन चुकी है। कई शहरों में होने वाले मुकाबले और फैन एंगेजमेंट के कारण यह सीज़न अब तक का सबसे रोमांचक साबित होगा।” उल्लेखनीय है कि पुरुष लीग में आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि महिला लीग में चार टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी।










