सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में ‘विकसित भारत के रंग, कला के संग’ अंतर-विद्यालयी कला प्रतियोगिता का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

रांची : सेवा पर्व-2025 के राष्ट्रव्यापी उत्सवों के तहत ‘संसद चित्रकला प्रतियोगिता’ का आयोजन सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य अतिथि, डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, राज्यसभा सांसद, झारखंड के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य कला और सृजनशीलता के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र-निर्माण की भावना जागृत करना था। विकसित भारत’ थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, विकसित और डिजिटल भारत की अपनी कल्पना को व्यक्त करने का मंच प्रदान किया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन, वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के अनुरूप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विकसित भारत 2047 के झारखण्ड स्टेट कोर्डिनेटर शशांक राज, भी उपस्थित थे। यह अभियान सेवा, सृजनशीलता और सांस्कृतिक गर्व को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने के लिए विभिन्न संगठनों और संस्थानों को जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आरा, राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, महिलौंग, हंसराज वाधवा हाई स्कूल, नामकुम, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बराम, रांची और सरला बिरला पब्लिक स्कूल सहित अनेक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन वास्तव में सहयोगपूर्ण और जीवंत अंतर-विद्यालयी कला उत्सव बन गया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसे विषयों पर अपनी कला-कौशल का प्रदर्शन किया। छात्रों द्वारा बनाए गए आकर्षक एवं रंगीन चित्रों ने न केवल उनकी सृजनात्मकता को दर्शाया, बल्कि भारत के विकासात्मक लक्ष्यों की उनकी समझ को भी उजागर किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को उनकी सृजनशीलता एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय की प्राचार्या मनीषा शर्मा ने इस सार्थक राष्ट्रीय पहल में शामिल सभी विद्यालयों के प्रति आभार व्यक्त किया और ऐसे ही राष्ट्र-निर्माण कार्यक्रमों में निरंतर भागीदारी का आश्वासन दिया।इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, नवाचार और सेवा के मूल्यों को दृढ़ किया। यह कार्यक्रम सेवा पर्व-2025 अभियान के अंतर्गत एक यादगार और प्रभावशाली आयोजन बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें