गिरिडीह में दर्दनाक हादसा : नाले में बह गया ढाई साल का मासूम, परिजनों का आक्रोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गिरिडीह। शनिवार की देर शाम गांधी चौक पर बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। ढाई साल का मासूम बच्चा नाले के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मासूम अपने माता-पिता के साथ कपड़ा खरीदने गांधी चौक आया था। अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हुई तो मां बच्चे को गोद में लेकर नाले के किनारे खड़ी हो गई। इस दौरान फिसलन की वजह से बच्चा मां की गोद से छूटकर सीधे नाले में गिर गया। तेज बहाव होने के कारण बच्चा कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गया।माता-पिता ने बच्चे को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलते ही दुकानदारों और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम भी पहुंची।
भारी बारिश के बीच राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। नाले के कई हिस्सों को तोड़कर तलाशी के लिए तीन जेसीबी मशीनें लगाई गईं। करीब चार घंटे तक अभियान चलने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। रात होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। प्रशासन ने बताया कि रविवार सुबह बड़े पैमाने पर खोज अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा। इधर, घटना से गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि अगर तुरंत और प्रभावी कदम उठाए जाते तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए देर रात प्रशासन ने पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन लगातार बारिश और अंधेरे ने कठिनाई बढ़ा दी।घटना के बाद गांधी चौक और आसपास का माहौल देर रात तक तनावपूर्ण रहा।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें