रांची। झारखंड सरकार ने आईपीएस अधिकारियों के पदों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। डीजी स्तर से लेकर जिला स्तर तक कुल 30 अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस आदेश के तहत डीजीपी अनुराग गुप्ता से सीआईडी और एसीबी का प्रभार वापस ले लिया गया है। अब वे केवल डीजीपी पद पर कार्यरत रहेंगे। चाईबासा में एसपी रहे राकेश रंजन को रांची का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। रांची के पूर्व एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, जिन्हें हाल ही में डीआईजी पद पर पदोन्नत किया गया है, को एसीबी का डीआईजी बनाया गया है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, वायरलेस डीजी प्रशांत सिंह को डीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, आईपीएस प्रिया दुबे को एसीबी का एडीजी और रांची आईजी मनोज कौशिक को आईजी सीआईडी का प्रभार दिया गया है। इसके अलावा बोकारो आईजी क्रांति कुमार गडीदेशी को आईजी मानवाधिकार, दुमका आईजी शैलेंद्र सिन्हा को पलामू आईजी और सुदर्शन मंडल को आईजी मुख्यालय के साथ जेल आईजी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पदस्थापना सूची में कई अन्य महत्वपूर्ण तबादले भी किए गए हैं, जिनमें देवघर, चाईबासा और अन्य जिलों के एसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि यह बदलाव पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।