टीबी नमूनों की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने को लेकर डाक विभाग और स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

रांची : भारत सरकार डाक विभाग, रांची डाक मंडल और राज्य स्वास्थ्य विभाग, टीबी सेल, एनएचएम परिसर रांची के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य रांची से इटकी टीबी अनुसंधान अस्पताल तक टीबी नमूनों की सफल एवं सुचारु डिलीवरी की समीक्षा और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करना रहा।

बैठक में डीपीएस झारखंड डाक परिमंडल राम विलास चौधरी, निदेशक-इन-चीफ एनएचएम रांची सिद्धार्थ सान्याल, वरिष्ठ डाक अधीक्षक रांची डाक मंडल रूपक कुमार सिन्हा, डी.डी.एम. पी.एल.आई. अमित कुमार तथा राज्य टीबी पदाधिकारी डॉ. कमलेश कुमार सहित रांची डाक मंडल के अधिकारी-कर्मचारी और झारखंड के सभी जिला टीबी पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें डॉ. कमलेश कुमार और रूपक कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित पार्सल, दवाइयों एवं उपकरणों की समय पर बुकिंग और राज्यभर के सरकारी अस्पतालों तक सुरक्षित डिलीवरी को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए डीपीएस झारखंड डाक परिमंडल राम विलास चौधरी ने डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी और विशेष रूप से स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा एवं डाक जीवन बीमा (पी.एल.आई.) पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग अपने सभी पार्सल सुरक्षित और समय पर डाक विभाग की सेवाओं से भेज सकता है।

इस अवसर पर निदेशक-इन-चीफ एनएचएम रांची सिद्धार्थ सान्याल ने टीबी के लक्षणों और इसके गंभीर प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डाक विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच हुए एमओयू के तहत पूरे झारखंड राज्य से टीबी सैम्पल्स की समयबद्ध बुकिंग और डिलीवरी सुनिश्चित होगी।

डी.डी.एम. पी.एल.आई. अमित कुमार ने डाक जीवन बीमा की विशेषताओं और लाभों की जानकारी दी तथा इसे स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों के लिए एक सुरक्षित निवेश विकल्प बताया।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्रधान डाकपाल, रांची जीपीओ दिवाकर प्रसाद ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

???? यह बैठक स्वास्थ्य और डाक विभाग के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें