गुमला। जिले के विशुनपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां नाबालिग प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय अंतरा कुमारी और 17 वर्षीय पवन उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद अंतरा ने अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगा ली। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। पिता अनिल को सूचना मिलने पर उन्होंने बेटी को सीएचसी विशुनपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंतरा की मौत की खबर सुनकर पवन सदमे में चला गया और उसने भी अपने घर में फांसी लगा ली। उसे भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, दोनों करीब एक साल से प्रेम संबंध में थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल सर्जन डॉ. एस. एन. चौधरी ने कहा कि तनाव और अवसाद के कारण आत्महत्याओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। रोकथाम के लिए जिले में जागरूकता सप्ताह चलाया जा रहा है।
