संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची:सेवा भारती, झारखंड की बहुप्रतीक्षित पत्रिका सेवा सुरभि का 26वां विशेषांक “वैश्विक चेतना एवं युवा शक्ति” का लोकार्पण शनिवार को रांची के शौर्य सभागार, जैप, डोरंडा में किया गया। लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ रहे।
इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि भारत की 60% आबादी युवा है और यही देश की सबसे बड़ी ताकत है। आज भारतीय युवा विश्व की बड़ी कंपनियों में नेतृत्वकारी पदों पर कार्यरत हैं। भारत की बेटियां भी हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, यहां तक कि माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने तक में उनका योगदान है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में तीनों सेनाओं की प्रमुख भी भारत की बेटी होगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद हटिया विधायक एवं भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि दूसरों के लिए जीना ही जीवन का सार है।
सेवा भारती के संरक्षक डॉ. एच. पी. नारायण ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य का मंत्र दूसरों की मदद करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व अपर मुख्य सचिव एन. एन. पांडेय ने सेवा भारती की भूमिका को सराहनीय बताते हुए कहा कि आज समाज में सेवा और त्याग की भावना का विस्तार हो रहा है और इसमें सेवा भारती की अहम भूमिका है।
प्रांतीय सचिव ऋषि पांडेय ने संस्था के कार्यवृत्त प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान में सेवा भारती के 1741 सेवा प्रकल्प चल रहे हैं। संघ शताब्दी वर्ष तक इसे ढाई हजार तक पहुँचाने का लक्ष्य है, जिसके लिए सामूहिक सहयोग आवश्यक है।
पत्रिका का परिचय देते हुए सलाहकार संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार चंदन मिश्र ने कहा कि सेवा सुरभि का यह अंक राष्ट्र के युवाओं को समर्पित है और इसमें विद्वानों के आलेख, कहानियाँ एवं विचार संकलित हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ। मंच का संचालन डॉ. राजश्री जयंती ने किया। मौके पर कलाकारों शिखा कुमारी, प्रवीण दीक्षित, तान्या मिश्रा और मालविका मुखर्जी ने नृत्य-संगीत प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर पत्रिका संपादक डॉ. सुष्मिता पांडेय एवं कलाकारों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन सेवा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष गिरीश मल्होत्रा ने किया।
लोकार्पण समारोह में राष्ट्रीय सेवा भारती के न्यासी गुरुशरण प्रसाद, अखिल भारतीय सामाजिक सद्भाव प्रमुख अशोक बेरी, सह प्रांत संघचालक अशोक श्रीवास्तव, सिद्धनाथ सिंह, अनिल ठाकुर, ओम प्रकाश केजरीवाल, अखिलेश्वर नाथ मिश्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।