मालदा, 4 सितम्बर 2025।
पूर्व रेलवे मालदा डिवीजन के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मादोपुर, कजरा में 3 सितम्बर 2025 को रेल सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डिविजनल रेलवे मैनेजर, मालदा श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में आरपीएफ पोस्ट जमालपुर द्वारा जीआरपीएस/जमालपुर के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रेल सुरक्षा से जुड़े खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें पशु टकराव (CRO), मानव दुर्घटना (HRO), अलार्म चेन पुलिंग (ACP), पथराव, रेलवे लाइन पार करना, पटरियों पर अवरोधक रखना, सिग्नल गियर से छेड़छाड़ तथा रेल ट्रैक के पास पशुओं को चराने जैसी असुरक्षित गतिविधियों को रोकने पर विशेष बल दिया गया। इन कृत्यों के दुष्परिणाम और रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय प्रावधानों की भी जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।
इस अवसर पर आरपीएफ जमालपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने छात्रों को शपथ दिलाई कि वे स्वयं सुरक्षित रहेंगे और समाज में भी रेल सुरक्षा का संदेश फैलाएँगे। उन्हें ‘रेल सुरक्षा एंबेसडर’ बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत आरपीएफ जमालपुर एवं आरपीएफ/किऊल की संयुक्त टीम ने किऊल आउटर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों की संपत्ति की चोरी (TOPB) और पथराव की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रणनीति बनाई गई। टीम ने तय किया कि ऐसे संयुक्त अभियान और निगरानी ड्राइव नियमित अंतराल पर चलाए जाएंगे, जिससे रेल संबंधी अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
मालदा डिवीजन ने पुनः यह संकल्प दोहराया कि वह सुरक्षा, संरक्षा और जनजागरूकता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा तथा स्थानीय समुदाय और कानून-व्यवस्था एजेंसियों के सहयोग से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।








