चलंत पशु चिकित्सालय (MVU-1962) के पैरावेट एवं पायलट संघ झारखंड के कर्मचारियों ने वेतन भुगतान व अन्य मांगों को लेकर एक विरोध प्रदर्शन किया

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची:झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों रांची, खूंटी और रामगढ़ से चलंत पशु चिकित्सालय (MVU-1962) में कार्यरत लगभग 100 से अधिक पैरावेट एवं पायलट कर्मचारी रांची स्थित पशुपालन विभाग के परिसर में एक दिवसीय हड़ताल पर बैठे। यह विरोध प्रदर्शन पिछले तीन महीनों से लंबित वेतन, कार्यस्थल की असमान परिस्थितियाँ और ठेका कंपनी EMRI ग्रीन/कैरोस के द्वारा कर्मचारियों के शोषण के खिलाफ आयोजित किया गया।

हड़ताल में शामिल कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें लगातार तीन माह से वेतन नहीं दिया गया है। आर्थिक संकट के कारण वे कार्यस्थल तक भी नहीं पहुँच पा रहे हैं। कई कर्मचारियों को प्रतिदिन लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन पैसे की तंगी के कारण यह मुमकिन नहीं हो पा रहा है। कंपनी से जब पेमेंट की मांग की जाती है, तो वह सरकार पर ज़िम्मेदारी डाल देती है, और सरकार इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं देती।

कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी द्वारा मनमाने ढंग से वेतन में कटौती की जाती है, आवाज़ उठाने वालों को धमकाया जाता है और नौकरी से निकालने की चेतावनी दी जाती है। इतना ही नहीं, केंद्र सरकार द्वारा घोषित छुट्टियों को भी नज़रअंदाज़ किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष भोली खान ने चेतावनी दी कि यदि 31 जुलाई 2025 तक सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो 1 अगस्त 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार और संबंधित कंपनी कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेती।

इनकी रही उपस्थिति
विरोध प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष भोली खान, उपाध्यक्ष गोपी राव एवं विकास गिरी, सचिव बापन व सागर चौधरी, कोषाध्यक्ष गंगेश्वर महतो, मीडिया प्रभारी अंकित कुमार एवं राहुल कुमार, सलाहकार अजय कुमार व मिथुन महतो सहित कई अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment