संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची: हटिया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नवीन जयसवाल को झारखंड विधानसभा में भाजपा का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
समारोह में भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नवीन जयसवाल को पार्टी का अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। नेताओं ने आगामी विधानसभा सत्र में जनता की आवाज बुलंद करने और उत्कृष्ट कार्य करने की उम्मीद जताई।
मुख्य सचेतक बनाए जाने के बाद नवीन जयसवाल ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह जैसे नेताओं ने एक साधारण कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, इसके लिए मैं कृतज्ञ हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि वे न केवल मानसून सत्र, बल्कि हर सत्र में जनता की आवाज बनकर झारखंड विधानसभा में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, दलितों, शोषितों, वंचितों और प्रदेश के हर नागरिक की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।
पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि नवीन जयसवाल अपने नए दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे और संगठन को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएंगे।









