संथाल हूल दिवस को लेकर तलवा चौक में तैयारियां पूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतिमा की साज-सज्जा कर कार्यक्रम की तैयारी में जुटी समिति

पाकुड़िया संवाददाता

पाकुड़िया प्रखंड के तलवा चौक स्थित गोलंबर पर संथाल हूल दिवस को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सिदो-कान्हू स्मारक समिति, तलवा चौक द्वारा आगामी 30 जून को हूल दिवस मनाने को लेकर प्रतिमा की रंगाई-पुताई, रेलिंग की मरम्मत, स्थल की सफाई और साज-सज्जा का कार्य पूरा कर लिया गया है। समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अंतिम दौर की तैयारियां की जा रही हैं।

समिति के अध्यक्ष नागेंद्र सोरेन ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जून 1855 को अमर शहीद सिदो मुर्मू, कान्हू मुर्मू, चाँद मुर्मू, भैरव मुर्मू, फूलो मुर्मू और झानो मुर्मू के नेतृत्व में अंग्रेज हुकूमत और महाजनी प्रथा के खिलाफ संथाल हूल की शुरुआत की गई थी। हजारों की संख्या में लोग पंचकटिया बट वृक्ष के नीचे एकत्र होकर विद्रोह में शामिल हुए थे। यह दिन हमारे इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है।

उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ जनसभा का भी आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्य जीयान मरांडी, रुपलाल मुर्मू, आसमान हेम्ब्रम सहित कई अन्य सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। नागेंद्र सोरेन ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शहीदों को श्रद्धांजलि दें और उनके आदर्शों को आत्मसात करें।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें