धुर्वा डैम का जलस्तर खतरे के निशान से 10.5 फीट एवं कांके डैम का जलस्तर 2 फीट नीचे
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
रांची : कुछ दिनों से रांची जिला में भारी बारिश के बाद धुर्वा एवं कांके डैम का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से शुक्रवार के दिन कांके एवं धुर्वा डैम का निरीक्षण पदाधिकारियों द्वारा किया गया। बता दे रांची के अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), राजेश्वरनाथ आलोक द्वारा धुर्वा डैम वही दूसरी ओर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर उत्कर्ष कुमार द्वारा कांके डैम का देर शाम निरीक्षण किया गया। इस दौरान लोकल इंस्पेक्टर और जूनियर इंजीनियर मेंटेनेंस भी उपस्थित थे।
डैम का जलस्तर एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण
पदाधिकारियों द्वारा दोनों डैम के जलस्तर, फाटक एवं अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि धुर्वा डैम का जलस्तर खतरे के निशान से 10.5 फीट नीचे पाया गया, धुर्वा डैम की क्षमता 38 फीट है। लोकल इंस्पेक्टर और जूनियर इंजीनियर (मेंटेनेंस) द्वारा बताया गया कि खतरे के निशान से ज्यादा पानी होने पर धीरे-धीरे डैम का गेट खोलने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), रांची राजेश्वरनाथ आलोक द्वारा धुर्वा डैम के पांचों फाटक का भी निरीक्षण किया गया। जूनियर इंजीनियर द्वारा बताया गया कि 2 महीने पहले ही गेट की मरम्मत की गई है।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर उत्कर्ष कुमार द्वारा कांके डैम का जलस्तर, फाटक एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जानकारी ली गई ।निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि डैम का जलस्तर खतरे के निशान से 2 फीट नीचे है, डैम का एक फाटक खोला गया है। संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि आपातकालीन स्थिति में गेट को खोलने पर हूटर बजाया जाता है एवं इससे पूर्व निचले स्तर में रह रहे लोगों को भी जानकारी दी जाती है ताकि ससमय सुरक्षात्मक उपाय किए जा सके।