रांची : झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष श्री अजय राय ने आज विभिन्न ग्रिड स्टेशनों एवं विद्युत आपूर्ति केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने विद्युत कर्मियों से मिलकर उनकी सुरक्षा व कार्य स्थितियों का जायजा लिया।अजय राय ने कहा कि “बारिश के मौसम में विद्युत कार्य अत्यंत जोखिम भरा हो जाता है। ऐसे समय में सुरक्षा मानकों का पालन करना नितांत आवश्यक है। कर्मियों को बिना सुरक्षा उपकरण के फील्ड में नहीं भेजा जाना चाहिए। विभाग को भी चाहिए कि उन्हें पर्याप्त संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराए।” उन्होंने फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को बरसात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, भीगे हुए उपकरणों से दूरी बनाए रखने, तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अधिकारियों को सूचित करने की सलाह दी। अजय राय ने विभागीय अधिकारियों से यह भी आग्रह किया कि इस मौसम में फील्ड स्टाफ की ड्यूटी रोटेशन, सुरक्षा किट की अनिवार्यता, और मॉनसून हेल्पलाइन जैसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।अंत में उन्होंने कहा कि विद्युत कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान दोनों हमारी प्राथमिकता है। उनके योगदान के बिना राज्य को रोशन नहीं रखा जा सकता।
