रांची में एयर शो की तैयारियाँ: प्रशासनिक बैठक का आयोजन

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची: भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित एयर शो, जो आगामी 19 और 20 अप्रैल 2025 को खोजा टोली आर्मी मैदान, नामकुम, रांची में आयोजित होगा, के लिए रांची जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियों में जुटने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में वायुसेना, पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य एयर शो की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और सामान्य प्रशासन के सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करना था। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस कार्यक्रम की सफलतापूर्वक आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उपायुक्त ने एयर शो की सफलतापूर्वक संचालन के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए:

पेयजल और शौचालय की व्यवस्था: आवश्यक पेयजल की उपलब्धता और स्वच्छ शौचालयों की स्थापना। बैरिकेडिंग: एयर शो स्थल पर उचित बैरिकेडिंग की व्यवस्था।
चिकित्सा दल और एम्बुलेंस: चिकित्सा सहायता के लिए जरूरी चिकित्सा दल और एम्बुलेंस की तैनाती।
अग्निशामक और बम निरोधक दल: आपात स्थिति में अग्निशामक दल और बम निरोधक टीम की मौजूदगी। आगंतुकों के ठहरने की व्यवस्था: दर्शकों के ठहरने की सुविधाएँ।
*मीडिया प्रबंधन और वाहन व्यवस्था मीडिया कवरेज और परिवहन प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था।
बैठक में, उपायुक्त ने एयर शो के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती का निर्देश भी दिया। उन्होंने वायुसेना के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा, ताकि शो की सफलता सुनिश्चित की जा सके।
एयर शो के समन्वय और प्रभावी संचालन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), रांची, उत्कर्ष कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इस बैठक में रांची के अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), राजेश्वर नाथ आलोक; जिला नजारत उप समाहर्ता, डॉ. सुदेश कुमार; जिला शिक्षा अधीक्षक, बादल राज; जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, उर्वशी पांडे; कर्नल हृतिक; लेफ्टिनेंट कर्नल बृंदा; विंग कमांडर पी.के. सिंह; तथा ग्रुप कैप्टन गिरीश कोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment