मंत्री सुदिव्य कुमार से प्रकाश झा की मुलाकात, पर्यटन एवं निवेश पर हुई सकारात्मक चर्चा

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

झारखंड सरकार के पर्यटन एवं युवा विभाग द्वारा राज्य में पर्यटन के विकास और युवाओं की भूमिका को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में, झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रसिद्ध फ़िल्म निर्माता प्रकाश झा से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में झारखंड की पर्यटन, कला, संस्कृति और संभावित निवेश के अवसरों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

प्रकाश झा ने झारखंड राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और फ़िल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण की जमकर सराहना की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पर्यटन विकास के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसमें सहयोग करने की अपनी इच्छा भी व्यक्त की।

मुलाक़ात के दौरान, पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को प्रोत्साहित करने, राज्य की ब्रांडिंग को सशक्त बनाने और कला एवं संस्कृति के संवर्धन के विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। मंत्री सुदिव्य कुमार ने इस बात पर जोर दिया कि झारखंड सरकार राज्य को एक प्रमुख पर्यटन, कला और हॉस्पिटैलिटी केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने व्यक्त किया, “हमारी सरकार झारखंड को पर्यटन के क्षेत्र में एक प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक पर्यटन निवेशक हमारे राज्य में आएं और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्यता का लाभ उठाएं।”

Leave a Comment