पाकुड़ नगर
भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज भाजपा जिला कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ध्वजारोहण किया और मिठाई वितरित की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी अपना 46वां स्थापना दिवस मना रही है। 6 अप्रैल 1980 को स्थापित होने के बाद से भाजपा ने भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान बना लिया है। उन्होंने पार्टी के संस्थापक नेताओं जैसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, और अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।
अमृत पाण्डेय ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म-मानवदर्शन’ को अपने वैचारिक दर्शन के रूप में अपनाया है, और पार्टी का प्रमुख ध्यान अंत्योदय, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुरक्षा पर है। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा ने ‘पंचनिष्ठा’ के सिद्धांतों का पालन किया है, जिनमें राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, सकारात्मक पंथ-निरपेक्षता, गांधीवादी समाजवाद, और मूल्य आधारित राजनीति शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण, धारा 370 का हटना, तीन तलाक का निषेध, और वक्फ बोर्ड बिल का पास होना भाजपा सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अब गांव-गांव जाकर आरक्षण के विषय में फैली भ्रांतियों को दूर करेगी।
भा.ज.पा. का स्थापना दिवस समारोह 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक पूरे पाकुड़ जिले में बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने कार्यालयों और घरों पर भाजपा का ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर #bjp4viksitBharat हैशटैग के साथ सेल्फी लेकर पोस्ट करेंगे।
इस कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रसन्ना मिश्रा, स्थापना दिवस के जिला सह संयोजक सपन दुबे, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, और हिसाबी राय समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित थे।