रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रामनवमी पर्व के तैयारियों का किया समीक्षा

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची: रामनवमी पर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला के वरीय पदाधिकारियों के साथ मिलकर पर्व के मद्देनजर विधि व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

उपायुक्त ने विशेष रूप से रामनवमी जुलूस के मार्ग की स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें हेहल मंडप, दक्षिण मुखी बजरंगबली मंदिर (रातु रोड), विश्वनाथ शिव मंदिर (पिस्का मोड़), श्री महावीर मंदिर (पंड़रा), तपोवन मंदिर (निवारणपुर) एवं अन्य प्रमुख मंदिरों का समावेश था। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था का किया गया है ख्याल

उपायुक्त ने कहा कि रामनवमी जुलूस के मार्ग में सुगम यातायात के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक संदेशों की रोकथाम के लिए भी 24×7 निगरानी रखी जाएगी, जिससे कि असामाजिक तत्वों के प्रयासों का समय रहते सामना किया जा सके।

व्यापक व्यवस्थाओं का निर्देश

उपायुक्त ने रामनवमी जुलूस के मार्ग में लाइटिंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, मेडिकल टीम और अन्य आवश्यक इंतजाम का व्यापक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रांची में विगत वर्षों की तरह इस बार भी पर्व त्यौहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे।

उपायुक्त की इस बैठक में जिला प्रशासन के सभी संबंधित वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने मिलकर पर्व के दौरान उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है।

Leave a Comment