संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जमशेदपुर: बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना डैम में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसे में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान समीर कुमार और सक्षम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए।
बताया जा रहा है कि सक्षम सिंह डालटनगंज के रहने वाले थे और अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बड़ी बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना की खबर मिलते ही परिवार और मेडिकल कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई।
रात करीब 2 बजे हॉस्टल से निकले थे तीन जूनियर डॉक्टर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 2 बजे एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से तीन जूनियर डॉक्टर निकले थे। इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल पानी में गिर गया। मोबाइल निकालने के लिए पहले एक डॉक्टर पानी में उतरे, लेकिन वे डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए दूसरे डॉक्टर ने भी पानी में छलांग लगा दी और दोनों गहरे पानी में चले गए।
दोनों को बचाने के लिए उनके साथ मौजूद तीसरे जूनियर डॉक्टर यश ने भी पानी में छलांग लगाई। हालांकि, वह दोनों को बचाने में सफल नहीं हो सके। यश को तैरना आता था, इसलिए वह किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए और घटना की जानकारी अपने साथियों तथा पुलिस को दी।
बारिश के कारण बढ़ा था डैम का जलस्तर
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण डिमना डैम का जलस्तर काफी बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद डैम का एक फाटक भी खोला गया था, जिससे आसपास के जलस्रोतों में पानी का दबाव बढ़ गया था। गहराई और अधिक पानी के कारण रेस्क्यू टीम और गोताखोरों को भी तलाशी अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
काफी प्रयास के बाद रेस्क्यू टीम ने दोनों जूनियर डॉक्टरों के शव बरामद कर लिए। घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृतकों में से एक जूनियर डॉक्टर की देर रात अस्पताल में ड्यूटी भी लगी हुई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









