संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में हाल ही में हुई गार्ड की हत्या के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में एसएसपी राकेश रंजन मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
एसएसपी के साथ सिटी एसपी पारस राणा भी मौजूद थे। पूजा-अर्चना के बाद एसएसपी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंदिर की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास द्वारों का निरीक्षण किया। साथ ही, मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और एक अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि गुरुवार की रात मंदिर के एक गार्ड की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे चोरी और दान पेटी से लूट की आशंका जताई गई है।
घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया था, जिसके बाद प्रशासन ने मंदिर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।








